जशपुरनगरः सोशल मिडिया में प्रसारित हो रहे विवादित और आपत्तिजनक विडियो और आडियो को लेकर प्रकाशित समाचारों को लेकर पुलिस में भाजपा नेता कृपा शंकर भगत द्वारा पत्रकारों के विरूद्व की गई शिकायत पर प्रेस क्लब जशपुर के पत्रकारों ने कड़ी नाराजगी जताई है। बुधवार को शहर के सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से पारित किये गए प्रस्ताव में पत्रकारों ने कहा कि समाचार संकलित करना और इन्हें प्रकाशित कर जनता व शासन-प्रशासन के सामने लाना ही मिडिया का काम है। भाजपा नेता कृपा शंकर भगत ने पत्रकारों के विरूद्व सिटी कोतवाली में शिकायत की है,वह पूरी तरह से गलत और आधारहीन है। प्रस्ताव में कहा गया है कि सोशल मिडिया में प्रसारित हो रहा आडियो और विडियों बेहद आपत्तिजनक है। इसमें गोली मारने जैसे हिंसक और आपराधिक धमकी जैसे भाषा का प्रयोग किया गया है। इस कृत्य के बाद कृपा शंकर भगत ने ना केवल उरांव समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी की,अपितु अपने नापाक भाषा को जशपुर की बोली बता कर,जशपुर की छवि धूमिल करने का प्रयास किया है। जो बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। बैठक के बाद पत्रकार एकजुट हो कर एसएसपी डा लाल उमेद सिंह से मुलाकात कर उन्हें अपनी भावनाओं से अवगत कराया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
