IMG 20260130 WA0007

*युवा नेतृत्व को मिली नई कमान, जशपुर भाजपा युवा मोर्चा की कमान विजय आदित्य सिंह जूदेव के हाथ…*

जशपुरनगर। जशपुर जिले की राजनीतिक फिज़ा में एक नई हलचल तब देखने को मिली, जब भारतीय जनता युवा मोर्चा ने जिले की कमान राजघराने से जुड़े सक्रिय युवा चेहरे विजय आदित्य सिंह जूदेव को सौंप दी। उन्हें भाजपा युवा मोर्चा का जिला अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के साथ ही संगठन में उत्साह की लहर दौड़ गई। जिला मुख्यालय से लेकर दूरस्थ ग्रामीण अंचलों तक कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बधाइयों का सिलसिला शुरू कर दिया।
नियुक्ति की खबर सामने आते ही युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जशपुरनगर में आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की और संगठन के समर्थन में नारे लगाए। लंबे समय से युवाओं के बीच सक्रिय भूमिका निभा रहे विजय आदित्य सिंह जूदेव को यह जिम्मेदारी मिलने को संगठनात्मक मजबूती की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
विजय आदित्य सिंह जूदेव सामाजिक सरोकारों, धार्मिक चेतना, युवाओं के मार्गदर्शन और खेल गतिविधियों के माध्यम से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहे हैं। युवाओं से सीधा संवाद, जमीनी जुड़ाव और सामाजिक कार्यों में भागीदारी ने उन्हें जिले में एक प्रभावी युवा नेतृत्वकर्ता के रूप में पहचान दिलाई है। यही कारण है कि उनकी नियुक्ति को युवा मोर्चा के लिए सकारात्मक बदलाव की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
उनके जिलाध्यक्ष बनने पर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने शुभकामनाएं देते हुए संगठन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि युवा मोर्चा को अब एक ऐसा नेतृत्व मिला है, जो संगठन को आगे बढ़ाने के साथ युवाओं की आवाज को मजबूती से सामने रखेगा।
जिलाध्यक्ष बनाए जाने के बाद विजय आदित्य सिंह जूदेव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, संगठन मंत्री पवन साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा तथा जिला अध्यक्ष भरत सिंह सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

-->