जशपूरनगर। छत्तीसगढ़ प्रदेश में धरना, प्रदर्शन, आंदोलन को रोकने वाले सर्कुलर के खिलाफ भाजपा आक्रामक हो गई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रदेश में इमरजेंसी जैसे हालात पैदा कर रहे हैं,काला कानून को अगर तत्काल वापस नहीं लिया तो जेल भरो आंदोलन शुरू कर जताएंगे विरोध। उक्त बातें भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय ने आज गुरुवार जिले के पंडरीपानी-फरसाबहार मंडल के गंझियाडीह शक्तिकेंद्र के जामटोली बूथ में कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोलते हुए कही।इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष ठाकुर पुरुषोत्तम सिंह ,पूर्व जनपद अध्यक्ष वेदप्रकाश भगत, देवशरण साय, तेजेश्वरी सिंह जी, सुनीता भोय , शिव कुमार साय, दीपक चौहान, रितिक गुप्ता, रणजीत सिंह भाटिया , जय कृष्ण साय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम के दौरान वहां विस्तारक के तौर पर पहुंचे थे,और उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर जमकर बरसे।उन्होंने प्रदेश में धरना-प्रदर्शन और आंदोलन पर बैन को अलोकतांत्रिक बताते हुए कहा की राजनीति संगठन, सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों के संगठन व सामाजिक संगठनों के पास अपनी बात रखने का आंदोलन ही एक मात्र माध्यम होता है। सरकार उसे भी दबाना चाह रही है। प्रदेश सरकार के इस आदेश का भाजपा विरोध करती है। 10 दिनों के भीतर आदेश वापस नहीं लिया तो प्रदेशभर में जेल भरो आंदोलन किए जाएंगे। श्री साय ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल लगाकर राजनीतिक संगठनों के अलावा प्रेस की आजादी भी छीन ली थी। भूपेश बघेल भी इसी रास्ते पर चल रहे हैं। इससे आम लोगों की आवाज दबाई जा रही है।लेकिन भाजपा चुप रहने वाली पार्टी नहीं है,भूपेश सरकार की एक एक नाकामी को जनता तक पहुंचा कर रहेगी,और आने वाले समय में यहां की जनता भूपेश सरकार को मजा चखायेगी।श्री साय ने बताया की पूरे प्रदेश भर में स्व कुशाभाऊ ठाकरे के 100 वीं जन्म सताब्दी पर भाजपा विस्तारक योजना के तहत भाजपा पार्टी की रीति नीति को प्रत्येक बूथ स्तर पर भाजपा कार्यकर्ता पहुंचकर अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा रही है,साथ ही केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को भी उन तक पहुंचा कर लाभावनित हुए व्यक्तियों से मुलाकात कर उनसे फीडबैक लिया जा रहा है।भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा केंद्र सरकार की उपलब्धि के साथ साथ प्रदेश की कांग्रेस सरकार की विफलताओं को जनता तक पहुंचा कर आने वाले समय में इस सरकार को उखाड़ फेंकने की अपील की जा रही है।
