IMG 20260811 192348

*1700 फीट लंबे तिरंगे के साथ कुनकुरी में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, 5 हजार से अधिक लोग हुए शामिल, जय स्तंभ चौक से सिनेमा हॉल तक गूंजे देशभक्ति के नारे, बैंड की धुन पर स्कूली बच्चों ने किया मार्च पास्ट; कौशल्या साय ने बच्चों के साथ थामा तिरंगा*

कुनकुरी। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व मंगलवार को कुनकुरी नगर में राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम से ओतप्रोत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जय स्तंभ चौक कुनकुरी से प्रारंभ हुई यह यात्रा 1700 फीट लंबे विशाल तिरंगे के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सिनेमा हॉल तक पहुंची। यात्रा में बैंड पार्टी की देशभक्ति धुन, परेड की ताल, देशभक्ति गीतों और भारत माता के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुशील साय, भरत सिंह, दीपक अंधारे, विजय आदित्य सिंह जूदेव, यश प्रताप सिंह जूदेव, पिंकी गुप्ता, अनीता सिंह, मलिता बाई, सुनील अग्रवाल, अमित अग्रवाल,राजकुमार गुप्ता,नितेश पारीक, दीपक हेडा, रंजीत सोनी,सहित नगर के अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

हजारों विद्यार्थियों ने थामा तिरंगा

तिरंगा यात्रा में कुनकुरी नगर के विभिन्न विद्यालयों के हजारों छात्र-छात्राएं शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ शामिल हुए। विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर अनुशासनबद्ध तरीके से मार्च पास्ट किया। निर्मला स्कूल कुनकुरी के बैंड दल ने देशभक्ति की धुनों से यात्रा में उत्साह और जोश भर दिया। विद्यार्थियों के साथ नगरवासियों ने भी बड़ी संख्या में भागीदारी निभाई।

आयोजकों के अनुसार यात्रा में 5 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं एवं नगरवासियों ने सहभागिता की। 1700 फीट लंबे तिरंगे को लोगों ने अपने हाथों में थामकर पूरे नगर का भ्रमण किया। यात्रा जिस मार्ग से गुजरी, वहां लोगों ने तिरंगे का सम्मान करते हुए भारत माता के जयकारे लगाए।

मौसम के कारण मुख्यमंत्री का दौरा हुआ रद्द

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शामिल होने का कार्यक्रम पूर्व निर्धारित था, लेकिन खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री का दौरा रद्द हो गया। इसके बाद कार्यक्रम की कमान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय ने संभाली। उन्होंने विद्यार्थियों और नगरवासियों के साथ तिरंगा यात्रा में सहभागिता की और 1700 फीट लंबे तिरंगे के साथ पूरे नगर का भ्रमण किया।

बच्चों के मार्च पास्ट और बैंड की सराहना

कौशल्या साय ने स्कूली विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए मार्च पास्ट और निर्मला स्कूल के बैंड दल की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों में दिखाई दे रही राष्ट्रभक्ति और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना देश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और देश के प्रति समर्पण की भावना को हमेशा बनाए रखने की अपील की।

तिरंगा यात्रा के दौरान नगर का माहौल पूरी तरह देशभक्तिमय नजर आया। सड़क के दोनों ओर लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। बच्चों के हाथों में लहराते तिरंगे और हजारों लोगों की सामूहिक भागीदारी ने कुनकुरी में एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

कौशल्या साय ने कहा : बच्चों में राष्ट्रप्रेम की भावना देखकर अभिभूत हूं

“कुनकुरी में जिस उत्साह और उमंग के साथ बच्चों एवं नगरवासियों ने तिरंगा यात्रा में सहभागिता की है, वह बेहद प्रेरणादायक है। हजारों बच्चों को 1700 फीट लंबे तिरंगे के साथ पूरे नगर में देशभक्ति के भाव से चलते देखना गर्व का विषय है। बच्चों ने जिस अनुशासन के साथ मार्च पास्ट किया और निर्मला स्कूल के बैंड ने जिस शानदार तरीके से प्रस्तुति दी, वह प्रशंसनीय है। मैं सभी विद्यार्थियों से अपील करती हूं कि वे राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को अपने जीवन में हमेशा बनाए रखें और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएं।”
— कौशल्या साय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

-->