जशपुरनगर:- जिले में मासूम ग्रामीणों को कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच देकर ठगने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। ‘hedgexfund’ (हेडजेक्स फंड) नामक कथित नेटवर्क कंपनी के जरिए लाखों रुपए की ठगी करने वाले 6 आरोपियों को जशपुर पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के पास से एक लग्जरी टोयोटा टायजर कार भी बरामद की है।
ठगी का तरीका: डॉलर का झांसा और फर्जी वॉलेट
पुलिस के अनुसार, ठगों ने ग्रामीणों को विश्वास दिलाया था कि यदि वे इस कंपनी में निवेश करते हैं, तो मात्र 3 महीने में उनका पैसा दोगुना हो जाएगा। पैसे जमा कराने के बाद आरोपियों ने पीड़ितों को बाकायदा आईडी और पासवर्ड बनाकर दिए।
जब ग्रामीण लॉग-इन करते, तो उन्हें उनका निवेश डॉलर में दिखाई देता था।
कुछ समय बाद वॉलेट बंद हो गया और जब ग्रामीणों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी टाल-मटौल करने लगे।
मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रार्थिया उर्मिला बाई (निवासी कापू टोली) ने थाना बगीचा में शिकायत दर्ज कराई। उर्मिला और उनकी मां चंद्रमणि बाई से आरोपियों ने कुल 2 लाख 10 हजार रुपए ठग लिए थे। पुलिस ने धारा 420, 34 भा.द.वि. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की, जिसमें पता चला कि बगीचा और सन्ना क्षेत्र के कई अन्य ग्रामीण भी इस जाल में फंसे हैं।
पुलिस ने इस गिरोह के सक्रिय सदस्यों को जिले के विभिन्न क्षेत्रों से गिरफ्तार किया है:
शिवशंकर राम (29 वर्ष) – ग्राम घाघरा, सन्ना (मुख्य आरोपी – पुलिस रिमांड पर)
मीनी बाई (52 वर्ष) – ग्राम रूपसेरा भलमंडा, लोदाम
कालेश्वर राम (48 वर्ष) – ग्राम रूपसेरा भलमंडा, लोदाम
अनिल लकड़ा (50 वर्ष) – ग्राम जरिया बरटोली, मनोरा
शिवनाथ राम (27 वर्ष) – ग्राम दमेरा रायकोना, जशपुर
नीरा सिंह (36 वर्ष) – दरबारी टोली, जशपुर
बरामदगी: आरोपी शिवशंकर राम के पास से टोयोटा टायजर कार (JH-01FU-9460) जप्त की गई है।
डॉ. लाल उमेद सिंह (SSP)
मामले की संवेदनशीलता पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया:
”नेटवर्किंग कंपनी के नाम पर ठगी करने वाले 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 5 आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड ली गई है। जांच जारी है और ठगी की रकम व पीड़ितों की संख्या बढ़ने की पूरी संभावना है। इस अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा।”
इस सफल कार्रवाई में एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले, एएसआई अनिल कुमार कामरे, नरेश मिंज और महिला आरक्षक लीलावती यादव की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की अपील:-किसी भी अनधिकृत नेटवर्क कंपनी या पैसा दोगुना करने वाले प्रलोभनों में न आएं। सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
