IMG 20260926 WA0001

*breaking jashpur:- करंट के जाल में फंसा जंगल का गजराज, अवैध बिजली तार से हाथी की मौत; 6 शिकारी गिरफ्तार*

जशपुरनगर । जशपुर वनमंडल अंतर्गत दुलदुला वन परिक्षेत्र के ग्राम ढोढ़ीगारा के समीप जंगल में अवैध रूप से विद्युत तार बिछाकर वन्यजीवों के शिकार के प्रयास का मामला सामने आया है। इस दौरान विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से एक जंगली हाथी की मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश जारी है।

वन विभाग के अनुसार 24 सितंबर 2026 को सुबह करीब 8:30 बजे ग्राम ढोढ़ीगारा के समीप जंगल क्षेत्र में जंगली हाथी की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर हाथी की मृत्यु विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से होना पाया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने डॉग स्क्वायड, ड्रोन टीम तथा पुलिस विभाग के सहयोग से आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान विद्युत तार बिछाने तथा वन्यजीव शिकार से संबंधित साक्ष्य मिले। प्रारंभिक जांच के आधार पर 3 मकानों की तलाशी ली गई, जहां से वन्यजीव शिकार में उपयोग की जाने वाली सामग्री बरामद की गई।

पूछताछ और जांच के आधार पर वन विभाग की टीम ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।

वन विभाग ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम सहित संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। विभाग द्वारा क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर निगरानी और गश्त बढ़ा दी गई है।

वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वन क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध विद्युत तार बिछाने या वन्यजीव शिकार से संबंधित जानकारी तत्काल वन विभाग या पुलिस को दें, ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

-->