IMG 20260620 123750

*मोदी के 12 साल पर CM साय का सियासी तीर, कहा, हर वर्ग का हुआ विकास, समाज के वरिष्ठ प्रतिनिधियों को शाल-श्रीफल से नवाजा*

*जशपुरनगर, 20 जून 2026:* मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को देश के विकास, सुशासन और जनकल्याण का स्वर्णिम काल बताया है। बगिया स्थित कैम्प कार्यालय में 19 जून को आयोजित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दौरान भारत ने बुनियादी सुविधाओं, गरीब कल्याण, राष्ट्रीय सुरक्षा और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न समाजों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों का सम्मानस्वरूप शाल, श्रीफल और शासन की उपलब्धियों की पुस्तिका प्रदान की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ पांच वर्षों तक राज्य मंत्री के रूप में कार्य करने के दौरान उन्होंने गरीबों, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्गों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को निकट से देखा है।

CM साय ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन से करोड़ों महिलाओं को सम्मान मिला, जनधन योजना से बैंकिंग व्यवस्था पारदर्शी हुई और सौभाग्य योजना से दूरस्थ गांवों तक बिजली पहुंची। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत छत्तीसगढ़ में 10 लाख 60 हजार से अधिक मकान बन चुके हैं। सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में 18 लाख आवासों की स्वीकृति दी गई।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 49 हजार करोड़ से अधिक की रेल परियोजनाओं पर काम जारी है। धर्मजयगढ़-लोहरदगा रेल लाइन को स्वीकृति मिल चुकी है और जशपुर जिले तक रेल संपर्क की अंतिम प्रक्रियाएं चल रही हैं। भारतमाला परियोजना और NH-43 के चौड़ीकरण का काम तेजी से प्रगति पर है।

केंद्र सरकार के फैसलों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि धारा 370 हटाने, तीन तलाक कानून, सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे कदमों ने देश की एकता और सुरक्षा को मजबूत किया है। अयोध्या में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और महाकाल लोक से भारत की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिली है।

बस्तर में विकास का उल्लेख करते हुए CM ने कहा कि पिछले दो वर्षों में 700 से अधिक मोबाइल टावर लगे हैं। इंद्रावती नदी पर 1,600 करोड़ की देवुर-मटनार सिंचाई परियोजनाओं से 80 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। होम-स्टे नीति, जैविक खेती और इमली प्रसंस्करण से स्थानीय रोजगार बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 32 देशों द्वारा सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिलना भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रतीक है। जिले में मेडिकल कॉलेज, 220 बिस्तरों वाला अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज और क्रिटिकल केयर सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं।

*फोटो कैप्शन:* जशपुर में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विभिन्न समाजों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में CM ने PM मोदी के 12 साल के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

-->