InShot 20260615 210635266

*पुलिस ही नहीं सभी के लिए कंप्यूटर की समझ जरूरी: एसएसपी,एनईएस कॉलेज में दी गई ट्रेनिंग*

जशपुरनगर. यहां के शासकीय रामभजन राय एनईएस स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जशपुर के कंप्यूटर एप्लीकेशन विभाग द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इनमें पहले चरण में “Basics of Computer” प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पुलिस आरक्षकों हेतु दिनांक 11 मई 2026 से 15 जून 2026 तक आयोजित किया गया। प्रशिक्षण अवधि में जशपुर के ‌वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने आरक्षकों को‌ संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल युग में कंप्यूटर दक्षता एवं साइबर सुरक्षा का ज्ञान पुलिस कर्मियों की कार्यकुशलता, पारदर्शिता और प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए अत्यंत आवश्यक है। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यालयीन कार्यों के डिजिटलीकरण, दस्तावेज तैयार करने, ई-मेल संचार एवं साइबर सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी नव‌नियुकत आरक्षी को प्रदान की गई, जिससे वे अपने दैनिक प्रशासनिक कार्यों को अधिक दक्षता से संपादित कर सकें।
तथा दूसरे चरण में “Summer Course in Basics of Computer” 11वीं, 12वीं एवं स्नातक स्तर के विद्यार्थियों के लिए 21 मई से 15 जून तक संचालित किया गया। पाठ्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को कंप्यूटर बेसिक्स, ऑफिस ऑटोमेशन, इंटरनेट एवं ई-मेल, डेटा प्रबंधन, साइबर सुरक्षा जागरूकता, बेसिक नेटवर्किंग तथा प्रारंभिक प्रोग्रामिंग जैसे विषयों का सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया एवं विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं रोजगार के क्षेत्र में उपयोगी कंप्यूटर कौशल विकसित करने का अवसर प्राप्त हुआ।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमरेंद्र ने अपने संदेश में कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर ज्ञान प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक हो गया है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों एवं कर्मियों की कार्यकुशलता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें तकनीकी रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु कंप्यूटर एप्लीकेशन विभाग के प्राध्यापको एवं कर्मचारियों को बधाई दी।
प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रायोगिक गतिविधियों में भाग लिया। पाठ्यक्रम के सफल समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण की उपयोगिता एवं गुणवत्ता की सराहना करते हुए इसे अत्यंत लाभकारी बताया।
समापन कार्यक्रम में पुलिस विभाग से रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे तथा महाविद्यालय से डॉ. सरिता निकुंज, सहायक प्राध्यापक प्रवीण सतपति उपस्थित रहे।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन कंप्यूटर एप्लीकेशन विभागाध्यक्ष सहायक प्राध्यापक अंजीता कुजूर के द्वारा एवं अतिथि व्याख्याता मंजुलता सिदार के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विभाग के प्रयोगशाला परिचारक सोनाली चौरसिया एवं छात्र चंदन कुमार भगत और गजानंद कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

-->