*जशपुर/बगीचा*
शासकीय स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से बगीचा जनपद सदस्य राकेश गुप्ता ने बुधवार को स्कूलों के आकस्मिक निरीक्षण की शुरुआत की। इस दौरान वे सन्ना सरपंच अरविंद कुजूर के साथ शासकीय बालक माध्यमिक विद्यालय सन्ना पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कुछ सामान्य अव्यवस्थाएं मिलीं, जिसे सुधारने के निर्देश शिक्षकों को दिए गए। इस बीच बच्चों और शिक्षकों ने विद्यालय में शौचालय नहीं होने की गंभीर समस्या बताई। बच्चों को खुले में शौच के लिए जाना पड़ रहा है।
समस्या सुनते ही जनपद सदस्य राकेश गुप्ता ने मौके से ही बगीचा एसडीएम प्रदीप राठिया को फोन कर पूरी स्थिति से अवगत कराया और जल्द शौचालय निर्माण की मांग की। एसडीएम ने समस्या का जल्द निराकरण करने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर सन्ना सरपंच अरविंद कुजूर ने शिक्षकों को सलाह दी कि शौचालय की समस्या को ग्राम सभा में रखा जाए और पंचायत के माध्यम से जल्द प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को भेजा जाए।
जनपद सदस्य राकेश गुप्ता ने बताया कि शासकीय बालक माध्यमिक विद्यालय सन्ना की सबसे बड़ी समस्या शौचालय का अभाव है। इस संबंध में शिकायत पहले भी मिली थी और उन्होंने जनपद की सामान्य सभा में भी मुद्दा उठाया था, लेकिन अब तक शौचालय नहीं बन पाया है। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ मूलभूत सुविधाएं देना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
*जनपद सदस्य ने शुरू किया निरीक्षण अभियान*
जनपद सदस्य राकेश गुप्ता ने कहा कि वे आने वाले दिनों में बगीचा क्षेत्र के अन्य शासकीय स्कूलों का भी औचक निरीक्षण करेंगे ताकि बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
