दोकड़ा,जशपुर । श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव दोकड़ा में शुक्रवार को पांच दिवसीय श्री जगन्नाथ कथा का भव्य शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ हुआ। शुभारंभ अवसर पर आयोजित विशाल कलश यात्रा निकाली गई,कलश यात्रा में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय विशेष रूप से शामिल हुईं।भव्य कलश यात्रा यहां के शिव मंदिर से प्रारंभ होकर वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और जय जगन्नाथ के जयघोष के बीच कथा स्थल मौसी बाड़ी समीप मिडिल स्कूल प्रांगण तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया, जिससे पूरा दोकड़ा भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।यह पांच दिवसीय श्री जगन्नाथ कथा श्री जगन्नाथ मंदिर दोकड़ा के गजपति महाराज मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के विशेष सानिध्य में आयोजित की जा रही है।कथा का वाचन एवं संगीतमय रसपान छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध कीर्तन गायक एवं कथा वाचक श्री कामता प्रसाद शरण जी द्वारा दोपहर 3:30 बजे से 7:30 बजे तक रसपान किया जा रहा है। कथा के प्रथम दिवस भगवान श्री जगन्नाथ की महिमा, भक्ति और सनातन संस्कृति पर आधारित प्रेरणादायी प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।कथा के शुभारंभ अवसर पर हजारों श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ कथा का श्रवण किया तथा भगवान श्री जगन्नाथ से सुख, समृद्धि और लोककल्याण की कामना की।श्री जगन्नाथ मंदिर समिति ने बताया कि आगामी दिनों में भी प्रतिदिन कथा, भजन-कीर्तन, आरती एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव के तहत पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक एवं उत्सवमय वातावरण बना हुआ है।
