जशपुरनगर। जशपुर जिले के बगीचा क्षेत्र में गुरुवार दोपहर अचानक मौसम ने ऐसा करवट बदला कि लोग हैरान रह गए। करीब दो बजे आसमान में घने बादल छा गए और देखते ही देखते तेज बारिश के साथ जमकर ओलावृष्टि शुरू हो गई। इस दौरान बारिश की तुलना में ओलों की मात्रा अधिक रही, जिससे कुछ ही देर में खेत-खलिहान, सड़कों और घरों के आसपास का इलाका सफेद चादर से ढका नजर आया।
बैसाख माह में पड़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप से परेशान लोगों को इस अचानक बदले मौसम से बड़ी राहत मिली। पिछले कई दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा था, जिससे आमजन का जनजीवन प्रभावित हो रहा था। ऐसे में दोपहर के समय हुई इस ओलावृष्टि और बारिश ने वातावरण को ठंडा कर दिया और लोगों ने राहत की सांस ली।
हालांकि, इस ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। इस समय खेतों में खड़ी फसलों और सब्जियों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। कई किसानों ने बताया कि तेज ओलों के कारण फसलें प्रभावित हो सकती हैं, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
मौसम के इस अचानक बदलाव को लेकर स्थानीय लोग भी आश्चर्यचकित नजर आए। बिना किसी पूर्व संकेत के तेज बारिश और ओलावृष्टि ने कुछ देर के लिए जनजीवन को प्रभावित जरूर किया, लेकिन गर्मी से मिली राहत ने लोगों को राहत का एहसास भी कराया।
