InShot 20261031 103626133

*JASHPUR BREAKING: आधी रात को धान माफिया का खेल खत्म!*

जशपुरनगर। धान कटाई के पश्चात छत्तीसगढ़ शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ की जाएगी। इस दौरान सरहदी राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर छत्तीसगढ़ की मंडियों में खपाने की आशंका को देखते हुए शासन द्वारा दूसरे राज्यों से होने वाले अवैध धान परिवहन पर कड़ी निगरानी रखने तथा ऐसे मामलों में वैधानिक कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। इसी के मद्देनजर जशपुर पुलिस एवं जिला प्रशासन सतर्क है।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह द्वारा जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को दूसरे राज्यों से होने वाले अवैध धान परिवहन पर निगरानी रखने, संदिग्ध वाहनों की जांच करने तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विभागों के समन्वय से वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के परिपालन में जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच की जा रही है।

*➡️ घोलेंग के पास पकड़े गए धान से भरे दो ट्रक*

इसी क्रम में दिनांक 29.10.2026 की रात्रि लगभग 09.00बजे सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस द्वारा घोलेंग के पास जांच के दौरान धान का परिवहन कर रहे दो ट्रकों क्रमशः क्रमांक CG-14-MW-3959 एवं CG-14-MW-6091 को रोककर जांच की गई। दोनों ट्रकों में धान लोड पाया गया। पुलिस द्वारा ट्रक चालकों एवं उनके मालिकों से धान के परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन उनके द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

इस पर पुलिस द्वारा दोनों ट्रकों में लोड कुल 400 बोरी धान, वजन लगभग 160 क्विंटल एवं अनुमानित कीमत 03 लाख 79 हजार 200 रुपये को जब्त कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को सौंप दिया गया।

*➡️ चार व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई*

मामले में पुलिस की कार्यवाही के दौरान बाधा डालने की कोशिश करने पुलिस के द्वारा ट्रक चालकों एवं उनके मालिकों सहित कुल चार व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई के तहत पकड़े गए व्यक्तियों के नाम इस प्रकार हैं—

1. कृष्णा साहू, उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम लक्ष्मण नगर, गुमला, झारखंड।
2. संजय कुजूर, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम डंडाडीह, थाना दुलदुला, जिला जशपुर, छत्तीसगढ़।
3. अभिमन्यु सिंह, उम्र 36 वर्ष, निवासी रामनगर, गुमला, झारखंड।
4. सुमित सिंह, उम्र 23 वर्ष, निवासी रामनगर, गुमला, झारखंड।

*➡️गुमला से बतौली ले जाया जा रहा था धान*

पुलिस की पूछताछ में जानकारी मिली कि उक्त धान को झारखंड के गुमला से लोड कर बतौली ले जाया जा रहा था। धान खरीदी प्रारंभ होने के मद्देनजर आशंका है कि उक्त धान को छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से मंडी में खपाने की तैयारी थी। धान परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंपा गया। अग्रिम कार्यवाही जारी है।

*जशपुर पुलिस द्वारा शासन के निर्देशों के अनुरूप दूसरे राज्यों से होने वाले अवैध धान परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। धान खरीदी सीजन के दौरान अवैध रूप से धान का परिवहन कर उसे छत्तीसगढ़ की मंडियों में खपाने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध पुलिस एवं जिला प्रशासन द्वारा नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

-->