IMG 20261020 WA0001

*महानवमी पर श्रीमती कौशल्या साय ने बगिया में किया कन्या पूजन, विधि-विधान से की पूजा-अर्चना, मां दुर्गा से की प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना*

जशपुरनगर, 19 अक्टूबर 2026/ शारदीय नवरात्रि की महानवमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने आज बगिया स्थित गृह निवास में कन्या पूजन कर मां दुर्गा के प्रति अपनी श्रद्धा और आस्था प्रकट की। इस अवसर पर उन्होंने विधि-विधान से कन्याओं का पूजन किया और उन्हें श्रद्धापूर्वक भोजन कराया। कन्या पूजन के दौरान श्रीमती कौशल्या साय ने पूरे विधि विधान से नौ कन्याओं के माथे पर कुमकुम, अक्षत और चंदन का तिलक लगाया तथा कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। उन्होंने कन्याओं को लाल चुनरी ओढ़ाकर धूप-दीप से आरती उतारी और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने कन्याओं को सात्विक भोजन कराया। भोजन के बाद श्रीमती कौशल्या साय ने कन्याओं को दक्षिणा एवं उपहार भेंट किए और उनका आशीर्वाद लिया।
महानवमी के पावन अवसर पर श्रीमती कौशल्या साय ने मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि नवरात्रि का यह पर्व श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सद्भाव का संदेश देता है। छोटी कन्याओं को मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का प्रतीक मानकर उनकी पूजा-अर्चना की जाती है। इस परंपरा के माध्यम से नारी शक्ति के प्रति सम्मान, श्रद्धा और समर्पण का भाव प्रकट किया जाता है। कन्या पूजन भारतीय संस्कृति की उस परंपरा का प्रतीक है, जिसमें बेटियों को देवी स्वरूप मानकर उनका सम्मान किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

-->