IMG 20260801 WA0003

*अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहें विद्यार्थी, देव पब्लिक स्कूल में पुलिस ने किया जागरूक*

जशपुरनगर। विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें कानून एवं सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान करने के उद्देश्य से यहां के देव पब्लिक स्कूल में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जशपुर के डी एस पी ट्रैफिक के आर चौहान, यातायात प्रभारी खेमराज ठाकुर एवं महिला पुलिस टीम ने विद्यालय पहुँचकर विद्यार्थियों से संवाद स्थापित किया तथा उन्हें साइबर सुरक्षा, बालिकाओं की सुरक्षा एवं यातायात नियमों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इसके पश्चात पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक विद्यार्थी को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करना चाहिए तथा किसी भी अज्ञात लिंक, ओटीपी, पासवर्ड या बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, साइबर बुलिंग एवं सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने के उपाय भी विस्तार से बताया।
महिला पुलिस अधिकारियों ने विशेष रूप से बालिकाओं से संवाद करते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी कानूनों एवं उनके अधिकारों की जानकारी दी तथा किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी। इस अवसर पर बालिकाओं को ‘अभिव्यक्ति ऐप’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि यह ऐप महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से वे आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकती हैं। साथ ही उन्होंने ऐप का उपयोग करने की प्रक्रिया भी विद्यार्थियों को समझाई।
*बताए गए ट्रैफिक नियम*
यातायात सुरक्षा पर जानकारी देते हुए अधिकारियों ने विद्यार्थियों से सड़क पर चलते समय ट्रैफिक नियमों का पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, सड़क पार करते समय ज़ेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने जैसी महत्वपूर्ण बातों पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों ने बताया कि छोटी-सी सावधानी भी बड़े हादसों को रोक सकती है।
*बच्चों ने पूछे प्रश्न*
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछा जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से उत्तर दिया। इस संवादात्मक सत्र ने विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास का संचार किया।
*इस पहल की हुई सराहना*
विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर ओम प्रकाश सिन्हा ने जशपुर पुलिस की इस सराहनीय पहल के लिए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उन्हें एक जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। अंत में विद्यालय के उप प्राचार्य एरिक सोरेंग ने भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम से बच्चों में आत्मविश्वास का संचार होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

-->